Home हरियाणा सात साल बेमिसाल : विशेष प्रचार अभियान

सात साल बेमिसाल : विशेष प्रचार अभियान

8
0

सात साल बेमिसाल : विशेष प्रचार अभियान

‘पढ़ी लिखी पंचायत म्हारी, अनपढ़ता की कटी बिमारी…’ व ‘जन सेवा के सात साल-समान विकास हुआ बेमिसाल…’। वर्तमान प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित इस प्रकार के लोकगीत लोगों की जुबानों पर हैं और ग्रामीण अंचल में काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली वर्तमान हरियाणा सरकार के दूसरी पारी के दो वर्ष सहित सात वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से चलाया जा रहा विशेष प्रचार अभियान अपने चरम पर है, जिसके तहत भजन पार्टी कलाकारों द्वारा लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से अवगत कराया जा रहा है। विभाग की ओर से 8 दिसंबर तक चलाया जा रहा यह प्रचार अभियान विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहद लोकप्रिय हो रहा है।

 

विशेष प्रचार अभियान के माध्यम से हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व कार्यक्रमों की जानकारी क्षेत्रीय गायन शैली के जरिए ग्रामीणों तक पहुंच रही है। इस बार प्रचार अभियान के दौरान गायन की परंपरागत शैली में हरियाणा सरकार की स्वामित्व योजना, परिवार पहचान पत्र, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, सीएम विंडो, ई-रजिस्ट्रेशन, ई-स्टैंप, ई-टैण्डरिंग, जमाबंदी-इंतकाल, कॉमन सर्विस सेंटर आदि के बारे में सरल भाषा में ग्रामीणों को बताया जा रहा है। आम बोलचाल की भाषा में ग्रामीणों को पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त स्वच्छ प्रशासनिक कार्यशैली समझ में आ रही है।
सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान में भजन पार्टी कलाकार राजबीर सिंह, खजान सिंह, रामानंद, सतबीर सिंह द्वारा गांव-गांव जाकर लोकप्रिय धुनों पर आधारित विशेष लोकगीत, भजनों व रागनियों के जरिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की प्रगतिशील नीतियों के बारे में मनोरंजक शैली में ग्रामीणों को हरियाणा सरकार की उपलब्धियों के बारे में बता रहे हैं।

 

डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा सात वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में ‘पारदर्शिता, विकास व हर्ष-जन सेवा के सात वर्ष’ शीर्षक से पुस्तक का भी प्रकाशन करवाया गया है, जिसमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई है, लोगों को सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।