Home राष्ट्रीय Trade Fair: आज भारी छूट के साथ खरीदारी करने का आखिरी मौका

Trade Fair: आज भारी छूट के साथ खरीदारी करने का आखिरी मौका

11
0

Trade Fair: आज भारी छूट के साथ खरीदारी करने का आखिरी मौका

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आज अंतिम दिन है, जिसको देखते हुए बड़ी संख्या में लोगों के प्रगति मैदान में पहुंचने की संभावना है। बीते वर्षों में भी देखा गया है कि अंतिम दिन सामान्य दिनों की तुलना में दो गुना तक भीड़ आ जाती है। शनिवार का दिन होने के चलते अधिकांश ऑफिस बंद रहते हैं, जिस कारण से भी परिवार संग काफी लोग खरीदारी करने के लिए आ सकते हैं। उधर, व्यापार मेले के अंतिम दिन विशेष ऑफर मिलने की संभावना के बीच ज्यादा लोगों के आने की संभावना रहती है।

 

 

व्यापार मेले में शुक्रवार को कपड़ों से लेकर पेंटिंग और घर की सजावट तक के अन्य सामानों पर छूट मिलने से लोग बड़ी संख्या में खरीदारी करते हुए दिखाई दिए। झारखंड, बिहार, कर्नाटक, हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश के पवेलियन हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम तक के सामान पर विशेष छूट में सामान बेचे जा रहे हैं। ऐसे में आज अंतिम दिन व्यापार मेले में खरीदारी करने का सुनहरा मौका है। सरल, हुनर हाट, खादी इंडिया से लेकर नौ देशों के पवेलियन में अच्छी खरीदारी कर सकते हैं। इसके सा थ ही हाथ से बने मुरब्बे से लेकर शहद और आचार व अन्य व्यंजन भी अपनी पसंद के खरीद सकते हैं।

 

 

सरल मेले में 135, हुनर हार्ट में दो सौ से अधिक और खादी इंडिया में 48 स्टाल लगे हैं। पूरे मेले में तीन हजार से अधिक स्टाल हैं, जिनमें से अधिकांश पर अब विशेष छूट व ऑफर शुरू हो गया है। इसका असर शुक्रवार को भी देखने को मिला। लगभग सभी पवेलियन में खरीदारी करने वाले लोगों की अच्छी खासी संख्या देखने को मिली। भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन के अधिकारियों का कहना है कि अंतिम दिनों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। शनिवार को 40 से 50 हजार लोगों के आने की संभावना है। हालांकि, इस बार मेला 73 हजार वर्ग मीटर में आयोजित हो रहा है, जिसके चलते व्यवस्था बनाने में  कोई दिक्कत नहीं है।