Home रेवाड़ी हरियाणा के राज्यपाल ने जाटूसाना गांव में शिव मोहन गौशाला में पहुंच...

हरियाणा के राज्यपाल ने जाटूसाना गांव में शिव मोहन गौशाला में पहुंच 108 कुंडीय महायज्ञ में डाली पूर्णाहुति

4
0

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व अपासी भाईचारे व गौ संरक्षण का संदेश देते हैं। जाटूसाना गौशाला में गौ संरक्षण के उद्देश्य से जो 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया है वह बेहद शुभ है। राज्यपाल शुक्रवार को गांव जाटूसाना स्थित शिव मोहन गौशाला में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्यपाल ने शिव मोहन गौशाला में यज्ञशाला व टीन शेड का शिलान्यास भी किया। उन्होंने गौ संरक्षण के उद्देश्य से 108 कुंडीय महायज्ञ में पूर्णाहुति डालते हुए प्रदेश वासियों के उज्जवल व स्वस्थ भविष्य की कामना की।

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि गौ माता का हमारी सभ्यता, संस्कृति तथा परम्पराओं से बहुत गहरा और पुराना नाता है। गाय में 33 करोड़ देवी-देवता निवास करते हैं। हमारे धार्मिक ग्रंथों में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और उसकी पूजा की जाती है। गाय को हमारे देश में समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना गया है। हमें गौ माता का पूरा आदर-सम्मान करते हुए गौ संरक्षण करना चाहिए जिसमें केंद्र व प्रदेश सरकार अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही है।

देसी गाय पालने पर हरियाणा सरकार दे रही 25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि : राज्यपाल

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि गौ माता की सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। गाय हमारा पोषण संवर्धन करने वाली है। गौमाता जन्म देने वाली माता के तुल्य है। मुझे खुशी है कि हरियाणा सरकार ने गौमाता की रक्षा और पालन का सार्थक प्रयास किया है। इस उद्देश्य से राज्य में गौ सेवा आयोग बनाया गया है। प्रदेश में गाय की डेयरी के लिए 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। राष्ट्रीय गौकुल मिशन के अन्तर्गत देसी गायों की नस्ल संरक्षण एवं विकास के लिए राजकीय पशुधन फार्म, हिसार में गोकूल धाम की स्थापना की गई है।

Rajypal 2

हरियाणा गौ सेवा आयोग के माध्यम से पंजीकृत गौशालाओं को गत वर्ष से अब तक 41  करोड़ रुपए की राशि दी गई है। राज्य में देसी गायों के उत्थान हेतु दूध देने वाली गाय पालकों को 25  हजार रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। आज प्रदेश की विभिन्न गौशालाओं में गाय के गोबर व मूत्र से कई प्रकार के उत्पाद जैसे फिनायल, वर्मी कम्पोस्ट, पेन्ट, डी.ए.पी. व धूपबत्ती आदि शामिल हैं।

कई प्रकार की दवाइयों में भी गोवंश का मूत्र प्रयोग किया जाता है। राज्यपाल ने गौशाला समिति को राजभवन कोष की ओर से 5 लाख रूपए की राशि दान स्वरूप देने की घोषणा की। इस अवसर पर राज्यपाल ने साहित्यकार सत्यवीर नाहडिय़ा की पुस्तक का विमोचन भी किया। साथ ही उसके उपरांत राज्यपाल जाटूसाना स्थित 28 बटालियन आईटीबीपी सेंटर भी पहुंचे और पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सेंटर में विजिटर बुक में अपने विचारों को भी उल्लेखित किया।

गौशाला के सहयोग के लिए सरकार तत्पर : विधायक

कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने राज्यपाल का हलके में पहुंचने पर स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि लोहड़ी व मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर राज्यपाल ने कोसली विधानसभा क्षेत्र की जनता व गौ सेवकों के बीच पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता निभाई है। वे पूरे हलके की ओर से राज्यपाल का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल दत्तात्रेय के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में सरकार गौशाला के सहयोग के लिए निरंतर तत्पर है।

आज प्रदेश में अंत्योदय की भावना से कार्य किए जा रहे हैं और धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन से युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए सरकार प्रेरणा स्रोत बन रही है। उन्होंने कोसली विधानसभा क्षेत्र से संबंधित मांगें भी राज्यपाल के समक्ष रखी जिस पर राज्यपाल ने यथा संभव सहयोग दिए जाने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम में पटौदी स्थित हरी मंदिर से स्वामी धर्मदेव ने भी हरियाणा के गौरवशाली ऐतिहासिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में सरकार द्वारा निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।