Home राष्ट्रीय पंजाब की हड़ताल का रेवाड़ी में भी रोडवेज कर्मचारियों ने किया समर्थन

पंजाब की हड़ताल का रेवाड़ी में भी रोडवेज कर्मचारियों ने किया समर्थन

6
0

पंजाब की हड़ताल का रेवाड़ी में भी रोडवेज कर्मचारियों ने किया समर्थन

पंजाब में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर चल रही PRTC व पनबस कर्मचारियों की हड़ताल को हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों का समर्थन मिला है। मंगलवार को प्रदेश में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न शहरों में बस स्टैंड पर 2 घंटे विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अरमिन्द्र सिंह के नाम जीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग की गई हैं।

रेवाड़ी में प्रदर्शन के दौरान तालमेल कमेटी ने हरियाणा सरकार से भी रोडवेज के बेड़े में 14 हजार नई बसें शामिल करने की मांग की है। इसके साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग भी की। इस मौके पर प्रधान कैलाश गुर्जर, राजपाल यादव, रवि कुमार, शशि कुमार, राजबीर फोगाट, उधम सिंह, प्रवीन यादव आदि मौजूद थे।

हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व हरियाणा कर्मचारी संघ, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ, इंटक द्वारा गठित तालमेल कमेटी की 9 सितंबर को कैथल में बैठक हुई थी, जिसमें पंजाब में 6 सितंबर से चल रही पंजाब रोडवेज के पनबस व पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने व रोडवेज के बेड़े में 10 हजार बसें शामिल करने की मांग का समर्थन करते हुए विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया गया था।

मंगलवार को प्रदेशभर में रोडवेज कर्मचारियों ने सुबह 10 से 12 बजे तक बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। हरियाणा रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार को जल्द से जल्द पनबस व पीआरटीसी के कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा के साथ बातचीत करके उनकी मांगों को मानना चाहिए।