Haryana News: हरियाणा के सिरसा जिले में स्थित गांव रामनगरिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। जमीन विवाद के चलते भतीजे ने अपने चाचा पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। 10 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद चाचा ने दम तोड़ दिया। यह घटना 25 जून को हुई थी, जबकि पीड़ित की मौत 5 जुलाई की रात हुई।
जानकारी के अनुसार, यह झगड़ा रामनगरिया स्थित भाटिया पशु डेयरी फार्म में हुआ, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। उसी दौरान अजय कुमार और उनके भतीजे गुड्डू के बीच बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि गुड्डू ने पास रखे तेजधार हथियार से चाचा पर हमला कर दिया। अजय कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के समय की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जो अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी गुड्डू की तलाश शुरू कर दी है।
मूल रूप से बिहार के गया जिले के बालासोध गांव निवासी अजय कुमार पिछले कुछ समय से सिरसा में एक डेयरी में काम कर रहे थे। अजय के परिजनों का आरोप है कि आरोपी गुड्डू ने उन्हें झांसा देकर सिरसा बुलाया था। उसने कहा था कि वह उन्हें काम और एडवांस पैसा दिलवाएगा। इस लालच में आकर अजय 17 मई को सिरसा आ गए थे।
परिजनों के अनुसार, अजय और गुड्डू के बीच जमीन को लेकर पिछले 8 वर्षों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुड्डू ने अजय की जमीन पर कब्जा कर लिया था और इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की योजना रची।






