Rewari News: राज्य चुनाव आयुक्त ए. श्रीनिवास ने कहा है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान गणक प्रपत्र वितरित किए जाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा होना चाहिए। इस कार्य को पूरा करने के लिए निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा बीएलओ सुपरवाइजर अपने क्षेत्र में सक्रिय रहें। सभी बीएलओ निष्ठा से अपने कर्तव्य की पालना करें।
हरियाणा के चुनाव आयुक्त ए. श्रीनिवास गुरुवार को स्थानीय लघु सचिवालय सभागार में निर्वाचन अधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक मीणा भी उपस्थित रहे। चुनाव आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची को नए सिरे से तैयार करने के लिए यह एसआईआर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र से विस्थापित हो चुके, मृत हो चुके तथा दो स्थानों पर दर्ज वोटरों के नाम इस सूची से हटाना है। जिससे कि शुद्घ और वास्तविक मतदाताओं की नई सूची बन सके। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी जिला में गणक प्रपत्रों के वितरण का कार्य संतोषजनक हो रहा है। अभी तक 35 प्रतिशत प्रपत्र बांटे जा चुके हैं। इस काम पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए निर्वाचन अधिकारी सौ प्रतिशत गणक प्रपत्र बंटवाना सुनिश्चित करें।
चुनाव आयुक्त ने कहा कि कोई मतदाता अपने घर पर नहीं मिलता है तो ऐसे व्यक्तियों की एक अलग सूची तैयार कर ली जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बीएलओ सुबह-शाम फार्म बांट सकते हैं। चुनाव आयोग ने प्रत्येक मतदाता को दो फार्म देने के निर्देश दिए हैं, अतएव एक वोटर के लिए हर घर में दो फार्म वितरित किए जाएं। इसमें एक फार्म मतदाता अपने पास रखता है, ताकि उसे ज्ञात रहे कि उसने फार्म में क्या विवरण दिया था।
बैठक के उपरांत राज्य चुनाव आयुक्त ए. श्रीनिवास ने स्थानीय शिव चौक के समीप बने ईवीएम स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में यह एक बेहतरीन ईवीएम स्टोर बना हुआ है। इससे बैलेट युनिट व वीवीपैट आदि रखने में आसानी रहती है। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम स्टोर के दोनों गेट पर पेपर सील लगा कर रखी जाए। चुनाव आयुक्त ने शहर के सेक्टर तीन में घर-घर जाकर गणक प्रपत्र वितरित कर रहे बीएलओ के कार्य का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी, रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार, बावल के एसडीएम संजीव कुमार, कोसली के एसडीएम विजय कुमार यादव, नगराधीश जितेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सारवान, बीडीपीओ अनिल कुमार, युधिष्ठिर, नायब तहसीलदार रमन कुंडू, नेहा यादव, महिमा, चुनाव विभाग के नायब तहसीलदार अजय कुमार व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








