Haryana News: हरियाणा के सिरसा जिले में सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के तहसीलदार भुवनेश कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबन की अवधि के दौरान भुवनेश कुमार को पंचकूला में डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड मुख्यालय में रहना होगा।
इस कार्रवाई की वजह बना एक वीडियो, जिसे सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी किया। वीडियो में दावा किया गया है कि इसमें तहसीलदार भुवनेश कुमार अपने तीन कर्मचारियों के साथ पैसों के लेन-देन की बात करते दिख रहे हैं।
वीडियो में कथित तौर पर तहसीलदार यह कहते नजर आ रहे हैं, “3 लाख में अपना इलाज करवाऊंगा और बाकी घर के काम में लगाऊंगा। यह बात किसी को बतानी नहीं है।”
विधायक गोकुल सेतिया ने दो दिन पहले ही सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा था कि वे जल्द ही सिरसा के एक भ्रष्ट अधिकारी की असलियत जनता के सामने लाएंगे। उन्होंने अपने वादे के अनुसार वीडियो जारी कर तहसीलदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।






