Haryana News: हरियाणा के हिसार नगर निगम में बायोमेट्रिक हाजिरी नियमों की अनदेखी करना 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को महंगा पड़ गया है। अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने इन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनसे लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
नगर निगम प्रशासन ने पिछले महीने सभी कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि उपस्थिति केवल बायोमेट्रिक सिस्टम के माध्यम से ही दर्ज की जाएगी। लेकिन कई अधिकारी व कर्मचारी सिर्फ एक-दो बार बायोमेट्रिक सिस्टम से हाजिरी लगाकर, बाकी दिनों में गैरकानूनी तरीके से उपस्थिति दर्शाते रहे।
प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए 25 कर्मचारियों को नोटिस भेजा है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि अगर तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले का खुलासा उस समय हुआ जब अग्रसेन कॉलोनी निवासी रविंद्र बिश्नोई ने सूचना के अधिकार अधिनियम (RTI) 2005 के तहत जानकारी मांगी। RTI के जवाब में सामने आया कि नगर निगम के करीब 485 कर्मचारी जिनमें PA, स्टेनो, एक्सईएन, जेई, कानूनी सहायक, लिपिक, ड्राफ्टमैन, माली, पंप ऑपरेटर, पशु अटेंडेंट, इलेक्ट्रिशियन, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डीईओ और अन्य बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे।






