Haryana News: हरियाणा के हिसार जिले से एक दुखद समाचार सामने आया है। सेक्टर-3 में रहने वाले बैंक कर्मचारी की पत्नी ने मंगलवार देर रात आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 35 वर्षीय प्रमिला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह तब लगी, जब उसके पति विकास ने पत्नी को घर के बरामदे में पंखे से लटका देखा।
मिली जानकारी के अनुसार, विकास एक निजी बैंक में कार्यरत हैं और परिवार सहित सेक्टर-3 में रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी प्रमिला और दो बेटे (13 और 10 साल के) हैं। मंगलवार रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद प्रमिला ने यह कहते हुए कि वह बरामदे में सोएगी, खुद को कमरे से अलग कर लिया।
बुधवार तड़के करीब 4 बजे जब विकास की नींद खुली, तो उसने देखा कि पत्नी बरामदे में पंखे से रस्सी के सहारे लटकी हुई है। यह देख वह घबरा गया और तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एचटीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। प्राथमिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई दर्ज कर ली है।






