Haryana News: हरियाणा में हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर बरवाला बाइपास के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला सहित एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। हादसा इतना भयानक था कि शवों को कार से क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार दोपहर के बाद हुआ जब नरवाना के प्रेम नगर में रहने वाला परिवार अपने मूल गांव सुरजाखेड़ा लौट रहा था। बरवाला बाइपास के पास उनकी कार का टायर अचानक फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान महावीर सुरजेवाला (78 वर्ष), रोशनी देवी (74 वर्ष), संदीप उर्फ मिक्का (35 वर्ष), सुनील (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, और शव बुरी तरह से कार में फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
परिजनों ने बताया कि मृतक संदीप हरियाणा रोडवेज में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






