NEET Re-Exam News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (NEET) पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
अभ्यर्थियों को 20 जून 2026 को परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए तथा 21 जून 2026 को परीक्षा के दिन परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए हरियाणा रोडवेज की साधारण (ऑर्डिनरी) बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी।
जानकारी के लिए बता दे की परीक्षा के दौरान नकल माफिया, अफवाह फैलाने वाले तत्वों तथा परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अभ्यर्थियों को अपना वैध नीट एडमिट कार्ड प्रस्तुत करना होगा।
सुरक्षा एवं नियमों के संबंध में मुख्य दिशा-निर्देश:
धारा 163 लागू: परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 सख्ती से लागू रहेगी। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को परिसर के भीतर या आसपास भटकने की अनुमति नहीं होगी।
नो पार्किंग ज़ोन: परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में परीक्षार्थियों के अलावा किसी भी अभिभावक व अन्य व्यक्ती को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दुकानें व कोचिंग सेंटर रहेंगे बंद: परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित सभी फोटोस्टेट, फैक्स, जेरॉक्स मशीनों की दुकानें तथा सभी कोचिंग सेंटर परीक्षा के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगे।
सख्त प्रतिबंध: परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, बैल्ट, आभूषण, आग्नेय अस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य वर्जित वस्तुओं के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रवेश नियम: परीक्षार्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र (Admit Card) और प्रामाणिक पहचान पत्र (ID Proof) के साथ ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।







