Solar Rooftop Scheme 2026: बिजली उपभोक्ताओं को बिल से राहत प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी सरकार द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। इसी के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना चलाई जा रही है।
डीसी अभिषेक मीणा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल के चलते सोलर रूफटॉप सिस्टम अब अत्यंत किफायती हो गया है। पात्र परिवारों को दी जा रही सब्सिडी के चलते सोलर सिस्टम लगवाना काफी किफायती हो गया है।
जिन उपभोक्ताओं के लिए प्रारंभिक निवेश करना संभव नहीं है, उनके लिए सरकारी बैंकों के माध्यम से न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि दो किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 8 से 10 यूनिट बिजली उत्पादन करता है, जिससे मासिक उत्पादन करीब 300 यूनिट तक पहुंच जाता है। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त है और इससे बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है।
सब्सिडी को विभिन्न श्रेणियों में किया विभाजित

डीसी ने बताया कि सरकार ने आय वर्ग के अनुसार सब्सिडी को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को अधिकतम लाभ मिल सके। योजना के तहत अंत्योदय परिवार जिसकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए तक एवं वार्षिक खपत 2400 यूनिट तक है उन्हें 2 किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपए तथा हरियाणा सरकार से 50 हजार रुपए कुल 1 लाख 10 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
तीन लाख रुपए तक वार्षिक आय एवं 2400 यूनिट वार्षिक खपत वाले परिवारों को 2 किलोवाट पर केंद्र से 60 हजार रुपए और प्रदेश सरकार से 20 हजार रुपए, कुल 80 हजार रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा तीन लाख रुपए से अधिक आय वाले घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट पर 30 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपए तथा 3 किलोवाट तक की क्षमता पर कुल अधिकतम 78 हजार रुपए की सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढाएं नागरिक
डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करें और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढाएं। इच्छुक उपभोक्ता घर बैठे आधिकारिक पोर्टल
https://pmsuryaghar.gov.in/ पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर संबंधित उपभोक्ता अपने नजदीकी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।