Haryana News: हरियाणा के लोगों के लिए खुशखबरी है। खबरों की मानें, तो अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत सोनीपत और गोहाना स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। दोनों रेलवे स्टेशनों पर भवन निर्माण का करीब 75 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोनीपत में 29 करोड़ रुपये और गोहाना स्टेशन पर 15 करोड़ रुपये से यात्रियों को विभिन्न सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। सोनीपत स्टेशन पर बन रहे 200 मीटर और 45 फीट चौड़े भवन में एक साथ 450 यात्रियों के एकत्रित होने की व्यवस्था रहेगी। रेलवे ने सोनीपत में अप्रैल 2025 और गोहाना स्टेशन पर मार्च 2025 में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। दोनों जगह जालंधर की कंपनी के कर्मचारी 12 मीटर चौड़े एक और फुट ओवरब्रिज का निर्माण कर रहे हैं।
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ये होगा खास
सोनीपत स्टेशन पर यात्रियों के लिए लिफ्ट, ऑटोमैटिक सीढ़ियों से लेकर प्रतीक्षालय कक्ष, व्यावसायिक केंद्र, कोच गाइडेंस सिस्टम, फूड प्लाजा जैसी व्यवस्थाएं की जाएगी।
गोहाना रेलवे स्टेशन पर ये होगा खास
गोहाना में भी दो लिफ्ट, आधुनिक शेड, ऊंचे प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर कार्य चल रहा है। साथ ही पार्किंग के विस्तार के साथ सुंदरीकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा दोनों स्टेशनों पर एलईडी लाइटिंग के साथ सोलर प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे।
प्रवेश द्वार पर पांडवों के नाम से बनेंगे गुंबद
अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को महाभारत कालीन इतिहास से जोड़ने के लिए सोनीपत के प्रवेश द्वार पर पांच पांडव भाईयों के नाम से गुंबद बनाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए गुरुग्राम की एक कंपनी के आर्किटेक्ट से डिजाइन तैयार करवाया जा रहा है। भवन निर्माण के बाद ही प्रवेश द्वार पर गुंबद बनाने का काम शुरू करवाया जाएगा। इससे धार्मिकता को भी बढ़ाने में मदद मिलेगी।






