Kal Ka Mausam: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में तापमान फिर से चढ़ने वाला है, वहीं राजस्थान में प्री-मानसून की झमाझम बारिश जारी है। बिहार में भी चक्रवाती प्रभाव के कारण मौसम अस्थिर बना हुआ है। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम का हाल:
दिल्ली-एनसीआर में फिर से लौटेगी गर्मी
राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में एक बार फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। 6 से 10 जून के बीच आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 7 से 10 जून के बीच तेज़ सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 25–35 किमी/घंटा रह सकती है।
अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, लू की स्थिति बनने की आशंका कम है क्योंकि हवाएं गर्मी को कुछ हद तक संतुलित करेंगी।
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी
पिछले दो दिनों में यूपी के कई जिलों में हुई बारिश से राहत तो मिली, लेकिन अब हालात बदलने वाले हैं। 6 जून से बारिश का सिलसिला थम जाएगा, और गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी।
अगले 6-7 दिनों में अधिकतम तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। लखनऊ समेत कई जिलों को अब फिर से गर्म हवाओं और उमस का सामना करना पड़ेगा।
बिहार में चक्रवात के बाद गर्मी का दौर
पूर्वी बिहार में चक्रवाती गतिविधियों की वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। पटना, किशनगंज, गया सहित कई जिलों में बारिश और आंधी ने तापमान को फिलहाल कम किया है।
लेकिन अगले 2–4 दिनों में तापमान में 4 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है। सीमांचल क्षेत्र में वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है।
राजस्थान में बारिश का सिलसिला जारी
राजस्थान में इन दिनों प्री-मानसून बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई है। अगले 2–3 दिन तक बारिश जारी रहने की संभावना है। जयपुर, अजमेर, नागौर, टोंक, सीकर समेत कई जिलों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
लगातार बारिश के कारण तापमान में 14.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून जल्दी आ सकता है, जिससे किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है






