Sonipat Road Accident: हरियाणा के सोनीपत नेशनल हाईवे-44 पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई है और एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं चार अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांव मोहम्मदाबाद निवासी प्रीतम अपने क्लीनर योगेश के साथ पिकअप बोलेरो में बहालगढ़ से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरे कार प्याऊ मनियारी के पास पहुंची तो गाड़ी का टायर पंचर हो गया। इसी बीच योगेश कार से उतरकर पंचर चेक करने लगे। वहीं प्रीतम अंदर ही बैठे रहे।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सड़क पर खड़े क्लीनर योगेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वहीं गाड़ी के अंदर बैठे ड्राइवर प्रीतम गंभीर रुप से घायल हो गए है।
फॉर्च्यूनर सवार लोग भी हुए घायल
बताया जा रहा है कि हादसे में फॉर्च्यूनर में सवार चार युवकों को भी चोटें आई हैं। फिलहाल, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।






