रोहतक, 17 नवंबर 2026। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) का एक प्रतिनिधिमंडल वास्तुकला व भवन नियोजन की व्यावहारिक जानकारी हासिल करने के लिए इन दिनों गुजरात के 12 दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर है। इस भ्रमण में आर्किटेक्चर के पांचवें सेमेस्टर के 40 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सुपवा के छात्रों ने फैकेल्टी सदस्यों के साथ भुज व अहमदाबाद भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक और आधुनिक निर्माण कला के अनूठे संगम को करीब से देखा।
23 नवंबर तक चलेगा 12 दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण

फैकेल्टी ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के एफसी अजयबाहू जोशी और असिस्टेंट प्रोफेसर आनंद की अगुवाई में यह प्रतिनिधिमंडल 12 नवंबर को रोहतक से रवाना हुआ था और 23 नवंबर को वापस लौटेगा। अजयबाहू जोशी ने बताया कि इस शैक्षणिक दौरे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भवन नियोजन, संग्रहालय डिजाइन, आंतरिक व बाह्य स्थानों के विकास तथा पारंपरिक व आधुनिक स्थापत्य कला का व्यावहारिक ज्ञान देना है। इस अनुभव का उपयोग छात्र आगामी ‘म्यूजियम डिजाइन’ प्रोजेक्ट में करेंगे।
भुज के ‘स्मृति वन’ और कच्छ के धौलावीरा का किया अध्ययन
शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत भुज स्थित प्रसिद्ध स्मारक संग्रहालय ‘स्मृति वन’ से हुई। यहां छात्रों ने देखा कि किस प्रकार आधुनिक निर्माण तकनीक और प्रभावशाली प्रदर्शनी व्यवस्था के जरिए इतिहास व भावनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाता है। इसके बाद दल ने कच्छ स्थित टेंट सिटी और ऐतिहासिक धौलावीरा का भ्रमण किया, जहां छात्रों ने सिंधु घाटी सभ्यता के प्राचीन नगर नियोजन और स्थानीय जलवायु के अनुरूप विकसित अस्थायी आवासीय संरचनाओं का गहराई से अध्ययन किया।
अहमदाबाद में एनआईडी और वास्तुकार बीवी दोशी के ‘संगत’ का अवलोकन
भ्रमण के अगले चरण में छात्रों ने अहमदाबाद स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (NID) का दौरा कर डिजाइन शिक्षा, नवाचार और स्थानिक उपयोग के विभिन्न पहलुओं को समझा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने प्रित्जकर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध वास्तुकार बीवी दोशी द्वारा निर्मित ‘संगत’ का भी अवलोकन किया। यहां विद्यार्थियों ने प्राकृतिक प्रकाश, वेंटिलेशन, लैंडस्केप और पर्यावरण के साथ वास्तुकला के सामंजस्य की बारीकियां सीखीं।











