रेवाड़ी, 17 नवंबर। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुरावड़ा में POCSO Act जागरूकता कार्यशाला रेवाड़ी का आयोजन किया गया। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA), पंचकूला के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष कैंप में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) डॉ. रेनू सोलखे ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की सुरक्षा है मुख्य उद्देश्य

कार्यशाला के दौरान डॉ. रेनू सोलखे ने छात्राओं को ‘पोक्सो एक्ट 2012’ (POCSO Act 2012) के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को यौन शोषण, उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और बाल पोर्नोग्राफी (अश्लीलता) से बचाने के लिए बनाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य पीड़ित बच्चों को त्वरित न्याय दिलाना और उनकी गरिमा को बनाए रखना है।
पीड़ित की पहचान उजागर करना कानूनी अपराध
सीजेएम ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि पोक्सो एक्ट के तहत किसी भी पीड़ित बच्चे की पहचान मीडिया या सार्वजनिक मंच पर उजागर करना एक गंभीर कानूनी अपराध है। उन्होंने छात्राओं को बिना किसी डर या संकोच के अपने साथ होने वाले किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
निशुल्क कानूनी सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
कार्यक्रम में आमजन और विद्यार्थियों की सहायता के लिए डीएलएसए द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी साझा की गई:
- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रेवाड़ी हेल्पलाइन: 01274-220062 (किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी के लिए)
- राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर (सुप्रीम कोर्ट द्वारा संचालित): 15100 (निशुल्क कानूनी सहायता के लिए)
इस जागरूकता शिविर के दौरान विद्यालय के प्राचार्य, समस्त अध्यापकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।











