रेवाड़ी: थाना खोल पुलिस ने गांव खोल में हुए सनसनीखेज
मुकेश हत्याकांड की गुत्थी को महज चंद घंटों के भीतर सुलझाते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव खोल निवासी हिमांशु उर्फ हिल्लू और राहुल के रूप में हुई है।
अस्पताल में दम तोड़ने से पहले मुकेश ने खोला था राज
मामले का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP)
दीपिका अग्रवाल ने बताया कि 13 अक्टूबर की रात खोल निवासी नितिन को उसकी बहन साक्षी ने फोन पर सूचना दी कि उनके पिता मुकेश के साथ झगड़ा हुआ है और वे गंभीर रूप से घायल हैं। परिजन तुरंत उन्हें खोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर
रेवाड़ी रेफर कर दिया।
ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ने से पहले घायल मुकेश ने अपने परिजनों को बताया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही हिमांशु उर्फ हिल्लू और राहुल ने उनके तथा बीरसिंह के ऊपर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया है। इसके कुछ ही देर बाद उपचार के दौरान मुकेश की मौत हो गई।
शाम की बहस का रात को खूनी अंजाम
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी हिमांशु ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि घटना की शाम करीब 3 बजे मुकेश और बीरसिंह पशुओं वाले बाड़े में बैठे थे। वहां किसी बात को लेकर उनके बीच बहस और झगड़ा हो गया था। उस वक्त हिमांशु वहां से चला गया, लेकिन रात करीब 7 बजे वह अपने साथी राहुल को साथ लेकर गांव की चौपाल में पहुंचा। दोनों ने मिलकर मुकेश और बीरसिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण मुकेश की जान चली गई।
रेवाड़ी पुलिस की दो टूक: अपराधियों के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’
वारदात की सूचना मिलते ही खोल थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीमें गठित कीं और दबिश देकर दोनों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी दीपिका अग्रवाल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी।
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या में प्रयुक्त लाठियां और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।