Haryana Police Action : रेवाड़ी पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के बाद एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण ने बताया कि एसपी रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस कुशल नेतृत्व में जारी “होगा हर अपराधी का हिसाब” अभियान अंतर्गत जिला पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है।
अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश मुहिम अंतर्गत एसटीएफ गुरुग्राम प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र चौहान व सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात और मोहन हत्याकांड के मुख्य आरोपी, 20 हजार के ईनामी वांटेड बदमाश को मुठभेड़ (एनकाउंटर) के बाद धर दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर दिल्ली तथा हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट-डकैती व आर्म्स एक्ट के 21 से अधिक मामले दर्ज है। हुई मुठभेड़ पर एक अन्य मामला थाना धारूहेड़ा में दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
डीएसपी बावल ने बताया की पुलिस को सोमवार रात विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि जिला सोनीपत के गांव पिनाना का रहने वाला जयभगवान उर्फ सोनू महाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक से धारूहेड़ा एनएच-48 से होते हुए गांव खरखडा से बटसाना के कच्चे रस्ते से होते हुए किसी गांव में जाएगा। आरोपी गांव बहाला निवासी खाद-बीज विक्रेता मोहन हत्या कांड के मामले में वांटेड है और उस पर पुलिस ने 20 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। सूचना को पुख्ता मानकर सीआईए धारूहेड़ा व एसटीएफ गुरुग्राम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव खरखडा से गांव बटसाना की और जाने वाले कच्चे रस्ते पर नाकाबंदी शुरू कर दी।
करीब रात साढ़े 12 बजे जब बाइक सवार जयभगवान उर्फ सोनू महाल को रुकने का इशारा किया गया, तो उसने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। उसने सीधे पुलिस के बैरिगेट को टक्कर मारकर बाइक भागने का प्रयास किया तो उसकी बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा। खुद को घिरा देख जयभगवान उर्फ सोनू ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिए। जिसमे से एक गोली एसआई विवेक, एक गोली सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा व एक गोली एसटीएफ गुरुग्राम प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र चौहान की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
डीएसपी बावल ने बताया कि पुलिस टीम ने अपनी जान बचाते हुए जवाबी कार्रवाई की। एसटीएफ गुरुग्राम प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र चौहान, सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा व एसआई विवेक ने आत्मरक्षा में अपनी सरकारी पिस्टल से गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोली जयभगवान उर्फ सोनू महाल के दाहिने व बाए पैर में लगी। घायल होते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के पास से पुलिस ने 1 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 5 खाली खोल और बिना नंबर की स्पलेंडर बाइक बरामद की। घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
डीएसपी बावल ने बताया कि अपराधिक रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ दिल्ली के थाना रोहिणी, नरेला, प्रशांत विहार, नजबगढ़, बैगमपुर, जिला सोनीपत के थाना कुंडली, राई, शहर सोनीपत, जिला जींद के थाना जुलाना, रेवाड़ी के थाना कोसली, जिला झज्जर के थाना बहादुरगढ़, झज्जर व थाना शहर सिरसा में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, लूट-डकैती व आर्म्स एक्ट आदि संगीन धाराओं के 21 से अधिक मामले दर्ज होने मिले हैं जिनमें से आरोपी कई मामलों में अदालत से PO भी घोषित है पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने, जान से मारने की नीयत से फायर करने और अवैध हथियार रखने समेत विभिन्न धाराओं के तहत थाना धारूहेड़ा में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






