Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राई औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे युवक की उस वक्त मौत हो गई जब वह कंपनी की चौथी मंजिल पर सेल्फी लेने के दौरान नीचे गिर पड़ा।
मृतक युवक भिवानी जिले का रहने वाला था और सोनीपत की एक निजी कंपनी में इंटर्नशिप कर रहा था। उसकी ट्रेनिंग महज दो दिन बाद पूरी होने वाली थी और वह घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच गुरुवार दोपहर, वह अपने एक दोस्त के साथ कंपनी की चौथी मंजिल पर सेल्फी लेने गया ताकि वहां बिताए गए पलों को यादों में सहेज सके।
दोस्त ने ऊंचाई देखकर नीचे लौटने का फैसला किया, लेकिन युवक ऊपर ही रह गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ। युवक कंपनी के मेन गेट के पास बनी सीढ़ियों के ठीक सामने गिरा। पहले उसके हाथ, फिर सिर और फिर पेट के बल वह ज़मीन से टकराया।
यह पूरी घटना कंपनी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सबसे दुखद और हैरान कर देने वाली बात यह रही कि युवक के गिरने के बाद भी कोई उसकी मदद के लिए तुरंत आगे नहीं आया।
गार्ड रूम से एक व्यक्ति बाहर आया, लेकिन उसने साकेत को देखकर भी कोई मदद नहीं की और वापस अंदर चला गया। कुछ सेकंड बाद वह फिर से लौटा लेकिन उसने साकेत को छूने या उसकी हालत देखने की भी कोशिश नहीं की।
कुछ समय बाद दो युवक हाथ में मोबाइल लिए पहुंचे, उन्होंने साकेत को देखा और फिर कुछ ही सेकंड में वापस लौट गए। पूरे 47 मिनट के वीडियो में कोई भी व्यक्ति युवक को बचाने की कोशिश करता नहीं दिखाई देता।






