Kal Ka Mausam: देशभर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 28 जून से 2 जुलाई 2025 तक कई राज्यों में मध्यम से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही वज्रपात और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने किसानों, मछुआरों और आम नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 जून से 2 जुलाई तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। पंजाब में 28 और 29 जून को बारिश के आसार है। हरियाणा में 29 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश 29 जून को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होगी। उत्तराखंड में 28 से 30 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी राजस्थान में 28 जून को भारी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और पश्चिमी राजस्थान में 28 से 29 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है
उत्तर प्रदेश में भी 28 जून से 2 जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना है। 29 जून से तेज बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में भी मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी मध्य प्रदेश में 26, 30 जून और 1 जुलाई को भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम मध्य प्रदेश में 1 और 2 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड में 28 जून से 2 जुलाई तक भारी वर्षा की संभावना है। बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 से 30 जून तक बारिश की चेतावनी दी गई है।
राजधानी दिल्ली में अब तक मानसून ने रफ्तार नहीं पकड़ी है। लगातार बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हो रही, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।






