हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ स्थित सिविल सचिवालय में कैबिनेट की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के प्रशासनिक, सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। कुल 21 एजेंडे पेश किए गए, जिनमें से 17 को मंजूरी मिली। मुख्यमंत्री ने बताया कि लिए गए फैसलों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 22 अगस्त 2025 से शुरू होगा। यह सत्र कितने दिन चलेगा, इसका निर्णय बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिया जाएगा। गन्नौर में 3,050 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर की मंडी बनाई जाएगी।
गुरुग्राम में ज़मीन की कीमतें मार्केट रेट से 200% ज्यादा चल रही हैं, जिससे स्टांप ड्यूटी चोरी की शिकायतें आ रही थीं। सरकार लोगों से राय लेकर नए कलेक्टर रेट लागू करेगी। इस आय का उपयोग सिर्फ विकास कार्यों में होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना का रजिस्ट्रेशन पोर्टल जल्द खोला जाएगा। उन्होंने विपक्ष पर झूठा प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को योजना का पूरा लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत कार्यरत कर्मचारियों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को कैबिनेट की मंजूरी मिली। इससे कर्मचारियों की सेवा शर्तें और कार्य प्रणाली अधिक पारदर्शी व संगठित होंगी






