Haryana News: हरियाणा में रेवाड़ी जिले के खेड़ा मुरार गांव में एक 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। युवक के माथे पर गोली का निशान है और उसके हाथ में देसी कट्टा पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बावल के सरकारी अस्पताल भिजवा दिया है।
गांव के बाहर नहर के पास ग्रामीणों को एक युवक का शव दिखाई दिया, जिसके माथे पर गोली लगी हुई थी। युवक की पहचान खेड़ा मुरार गांव निवासी राजेंद्र पुत्र रतिराम के रूप में हुई है। मृतक के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
हालांकि युवक के हाथ में कट्टा मिला है, लेकिन गांव वालों का कहना है कि यह हत्या का मामला हो सकता है। शव जिस स्थिति में मिला है, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
राजेंद्र की शादी छह साल पहले हुई थी, लेकिन पत्नी से अनबन के चलते दोनों अलग हो गए थे। पंचायती समझौते के जरिए तलाक हो चुका था। उसके पिता की भी दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। वर्तमान में राजेंद्र अपनी मां के साथ अकेले रह रहा था और खेती-बाड़ी करता था।






