उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है। यहां एक शख्स की करीब 10 दिन पहले शादी हुई थी। शादी के 10 दिन बाद नई नवेली दुल्हन पर ज्वेलरी और नगदी लेकर फरार हो गई है। जिसके बाद युवक ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र का है। यहां मुबारकपुर गांव में रहने वाले जोगेंद्र ने पुलिस से शिकायत दी है। उसने बताया कि 26 जनवरी को दौराला थाना क्षेत्र का रहने वाला मदनपाल नाम का व्यक्ति मिला था, जो शादी कराने का काम करता है। मदनपाल अपने दो साथियों के साथ सुनील और शिवम को लेकर उसके घर आया था।
सुनील ने बताया कि उसके भाई की एक लड़की है। जिसका नाम लक्ष्मी है और वह उससे जोगेंद्र की शादी कराना चाहता है। लड़की की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और अगर जोगेंद्र शादी का खर्चा देगा तो वह शादी करा देगा। इस पर करीब 8 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस पर जोगेंद्र शादी करने के लिए तैयार हो गया और उसने 8 लाख रुपये भी दे दिए। खबरों की मानें, तो 8 फरवरी को हिंदू रीति रिवाज के हिसाब से योगेंद्र और लक्ष्मी की शादी हो गई और 18 तारीख को मदनपाल , सुनील व शिवम लक्ष्मी से मिलने घर आए थे। आरोप है कि तीनों ने लक्ष्मी के साथ मिलकर जोगेंद्र और उसके पूरे परिवार को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। इससे पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया।
जब परिवार के लोग अगले दिन सुबह करीब 8 बजे सोकर उठे तो मदनपाल ,लक्ष्मी , सुनील और शिवम सभी घर से गायब थे। आरोप है कि चारों घर से सोने चांदी के जेवर भी ले गए है और घर में रखे 60 हजार रुपये भी गायब है।
इसके बाद जोगेंद्र को घर में नींद की गोली के रैपर भी मिला है। जोगेंद्र का कहना है कि इसके बाद वह अपनी ससुराल गया और अपना सामान और पैसे मांगे तो उसके साथ इन लोगों ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं उसकी पत्नी लक्ष्मी ने भी उसके साथ आने से मना कर दिया और घर से भगा दिया।
जोगेंद्र का कहना है कि गांव से पता चला है कि लक्ष्मी पहले भी ऐसा कर चुकी है। फिलहाल, जोगेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






