Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले के जैनाबाद गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। CRPF से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर निहाल सिंह (65 वर्ष) की दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। वारदात रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है।
रात करीब 2 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर निहाल सिंह के घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। निहाल सिंह, जो बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, ने जैसे ही दरवाजा खोला, हमलावरों ने उन्हें धक्का देकर घर में घुसते ही गर्दन और सीने पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
हमले के दौरान निहाल सिंह ने चीखकर शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर पत्नी और बेटा बाहर आए, लेकिन तब तक हमलावर दीवार फांदकर मौके से फरार हो चुके थे। निहाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
निहाल सिंह की पत्नी के अनुसार, हमलावरों ने चेहरे को नकाब से ढका हुआ था और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। बाइक का नंबर भी नजर नहीं आया।
पुलिस अब गांव में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
ग्रामीणों का कहना है कि निहाल सिंह एक ईमानदार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। उनका बेटा अमित डहीना बस स्टैंड के पास सर्विस स्टेशन चलाता है। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्तिगत रंजिश में बेटे को निशाना बनाने आए बदमाशों ने गलती से या जानबूझकर पिता की हत्या कर दी।






