Haryana News: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों के बाद चलाए जा रहे ‘अपराध मुक्त अभियान’ के तहत सीआईए फतेहाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक निजी फार्म हाउस में छापा मारकर जुए का अड्डा पकड़ा, जहां 13 लोगों को रंगे हाथ जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र ने बताया कि उपनिरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भट्टू क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि एक फार्म हाउस में फार्म हाउस मालिक की मिलीभगत से जुए का अड्डा चलाया जा रहा है। पुलिस ने बिना देर किए फार्म हाउस पर छापा मारा और मौके से 90,500 नकद रुपये, ताश की गड्डियां और जुए से संबंधित अन्य सामान जब्त कर लिया।
छापेमारी के दौरान पकड़े गए आरोपियों में नरेन्द्र, विनोद कुमार, रवि कुमार, श्रवण, बिट्टू, हेमराज, कुलदीप सिंह, देशराज, राखा, राम, जज सिंह, राज कुमार, सतीश कुमार और राकेश कुमार शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।






