LPG Cylinder: मई महीने की शुरुआत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक उपयोगकर्ताओं को राहत मिलेगी। 1 मई 2025 से दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 15 रुपये कम होकर 1747 रुपये हो गई है, जो अप्रैल में 1762 रुपये थी।
अन्य महानगरों में भी कीमतों में बदलाव देखने को मिला है। अब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत कोलकाता में ₹1851, मुंबई में ₹1699, चेन्नई में ₹1906 हो गई है।
हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर अभी भी ₹853 में बिक रहा है।
गौरतलब है कि आखिरी बार घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल को संशोधित किए गए थे, जब सरकार ने 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में ₹50 की बढ़ोतरी की थी।
उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी
देशभर में इस समय 32.9 करोड़ एलपीजी कनेक्शन हैं, जिनमें से 10.33 करोड़ कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आते हैं। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को प्रति सिलेंडर 300 रुपये तक की सब्सिडी मिलती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में सरकार ने एलपीजी सब्सिडी के लिए ₹11,100 करोड़ का प्रावधान किया है।






