Haryana News: हरियाणा के सफीदों के रहने वाले पहलवान रविंद्र तोमर ने राज्य में नशामुक्ति अभियान से प्रभावित होकर एक अनोखा संकल्प लिया है। उन्होंने खुद बुग्गी खींचकर हरिद्वार से 11 लीटर गंगाजल लाकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्नान कराने का प्रण लिया है। उनका यह कदम मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के 700 गांवों को नशामुक्त घोषित किए जाने के बाद आया है।
बगैर बैल या घोड़े के खुद खींच रहे बुग्गी
रविंद्र तोमर, जिन्हें लोग “अहंकारी रावण” के नाम से भी जानते हैं, बगैर किसी पशु सहायता के स्वयं बुग्गी को खींच रहे हैं। यह बुग्गी यात्रा सफीदों से शुरू होकर हरिद्वार, सहारनपुर, यमुनानगर, अंबाला, डेराबस्सी होते हुए 23 जुलाई को चंडीगढ़ पहुंचेगी।
रविंद्र का कहना है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जो नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्य शुरू किया है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने वादा किया है कि यदि सीएम राज्य के सभी गांवों में शराब के ठेके बंद करवा दें, तो वह राज्य के सभी 90 विधायकों और मंत्रियों को गंगाजल से स्नान कराएंगे।
रविंद्र तोमर पहले भी हरियाणा और पंजाब के सभी जिलों में नशा विरोधी बुग्गी यात्रा निकाल चुके हैं। वह स्वयं पहलवान हैं, लेकिन उन्होंने अपना काम और कुश्ती छोड़कर नशे के खिलाफ यह सामाजिक लड़ाई शुरू की है। उनका कहना है कि नशा गांवों की जड़ों को खोखला कर रहा है, और इस पर कड़ा एक्शन जरूरी है।






