Haryana News: हरियाणा वालों के लिए अच्छी खबर है। झज्जर जिले में हरियाणा का पहला मेडिकल लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट व अंबाला में कैप्टिव सोलर पावर प्लांट लगाया जाएगा। हरियाणा सरकार ने इन प्लांट की स्थापना के लिए मेसर्स वायु प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को 37 करोड़ 68 लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि के साथ मंजूरी दे दी है। सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित हरियाणा उद्यम प्रोत्साहन बोर्ड की 17वीं बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई।
सीएम ने कहा कि रसायन एवं पेट्रो केमिकल्स क्षेत्र में इस परियोजना की स्थापना से न सिर्फ प्रदेश में महत्वपूर्ण निवेश आकर्षित होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर पैदा भी होंगे।
इस परियोजना के तहत कुल 125.49 करोड़ रुपये के निवेश में से 72.24 करोड़ रुपये की राशि मेडिकल लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट के लिए होगी, जबकि 48.25 करोड़ रुपये कैप्टिव सोलर पावर प्लांट में निवेश किए जाएंगे।






