Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के अधिकार और उनके योगदान को सम्मानित करते हुए राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए कई राहत योजनाओं का ऐलान किया।
महिला सरकारी कर्मचारियों को छुट्टियां

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार के कार्यालयों में काम कर रही महिला सरकारी कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। अब उन्हें 25 छुट्टियां सालाना दी जाएंगी, जबकि पहले यह संख्या 20 थी।
इसके अलावा, हरियाणा कौशल रोजगार निगम में काम कर रही महिला कर्मियों को पहले 10 छुट्टियों के अलावा अब हर महीने एक अतिरिक्त छुट्टी दी जाएगी, जिससे उनकी कुल छुट्टियों की संख्या 22 हो जाएगी।
महिलाओं को ब्याज मुक्त ऋण
मुख्यमंत्री ने महिलाओं को डेयरी इकाइयां स्थापित करने के लिए एक लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा की। यह कदम महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता और उद्यमिता में सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बाल भवन और अन्य योजनाओं की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से 44 नए आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया और बाल भवन चरखी दादरी का शिलान्यास भी किया। इसके साथ ही, उन्होंने घरेलू हिंसा शिकायत पंजीकरण और निगरानी के लिए पोर्टल, आपकी बेटी-हमारी बेटी के लिए एमआईएस पोर्टल, और एसएनपी मांग और आपूर्ति पोर्टल का शुभारंभ किया।






