Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पलवल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में STF के इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर को गोली लग गई। उन्हें गंभीर हालत में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
सूत्रों के अनुसार, पलवल STF की एक टीम लंबे समय से एक सक्रिय गैंग की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। मंगलवार रात को गैंग के शूटरों की लोकेशन रेवाड़ी जिले में मिलने के बाद STF की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए मौके की ओर कूच किया।
STF को पुख्ता सूचना मिली थी कि गैंग के शूटर रेवाड़ी जिले के भटेड़ा गांव में छिपे हुए हैं। टीम तड़के करीब 2:30 बजे गांव में पहुंची और घेराबंदी की। जैसे ही बदमाशों को घिरा हुआ महसूस हुआ, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर की टांग में लगी, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद टीम के अन्य सदस्यों ने घायल इंस्पेक्टर को रेवाड़ी के निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बनी हुई है।






