Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने शहर के जाने-माने बिल्डर जॉनी त्यागी के आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। ED की टीम सुबह सोनीपत के सेक्टर-14 स्थित जॉनी त्यागी के मकान पर पहुंची, जहां कई घंटों से तलाशी अभियान जारी है।
सूत्रों के अनुसार, टीम मकान के भीतर मौजूद दस्तावेजों, फाइलों और अन्य अहम रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
सीआरपीएफ की तैनाती, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ED टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मौके पर तैनात हैं। कार्रवाई के दौरान मकान का मुख्य गेट बंद रखा गया है और ED की गाड़ियां परिसर के अंदर ही खड़ी की गई हैं। किसी भी व्यक्ति को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई है, जिससे पूरी कार्रवाई गोपनीय रूप से की जा सके।
गांव राई का रहने वाला है जॉनी त्यागी
जानकारी के मुताबिक, जॉनी त्यागी सोनीपत के गांव राई का निवासी है और इलाके में एक बिल्डर के तौर पर उसकी पहचान है। बताया जा रहा है कि वह होटल व्यवसाय से भी जुड़ा हुआ है। ED की टीम उसके आवास के अलावा अन्य ठिकानों पर भी जांच कर रही है।
कार्रवाई के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल ED की इस छापेमारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एजेंसी की ओर से अब तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है। सूत्रों का कहना है कि ED अधिकारी जॉनी त्यागी और उसके परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रह सकती है।






