हरियाणा के सोनीपत में मंगलवार देर शाम दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सोनीपत के खरखौदा में राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर गांव रोहणा के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कार चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक कार जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, कार के मालिक की पहचान दिल्ली के रोहिणी के दीपक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहणा के पास हाइवे पर एक चलती कार में आग लग गई थी। आसपास के लोगों ने जब कार में आग लगी देखी तो दमकल केंद्र और पुलिस को सूचना दी। वहीं एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अंदर मौजूद चालक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दीपक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क लिए भेज दिया है। बुधवार को मृतक का पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






