Haryana News: हरियाणा सरकार अब स्कूली शिक्षा को वैश्विक आयाम देने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। राज्य के सरकारी स्कूलों में आगामी शैक्षणिक सत्र से फ्रेंच भाषा को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और फ्रेंच भाषा पढ़ाने वाले योग्य शिक्षकों का चयन भी प्रक्रिया में है।
शिक्षा विभाग ने इस पहल को फ्रांस के दूतावास और इंस्टिट्यूट फ्रांसे (Institut Français en Inde – IFI) के सहयोग से लागू करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), गुरुग्राम स्थित SCERT निदेशक और सभी डाइट प्राचार्यों को आधिकारिक पत्र जारी किया है।
पत्र में निर्देश दिया गया है कि फ्रेंच भाषा को विदेशी भाषा के रूप में चयनित सरकारी स्कूलों में शुरू किया जाएगा। फ्रेंच भाषा पढ़ाने के इच्छुक शिक्षकों से पहले चरण (राउंड-1) में आवेदन लिए गए थे। जो शिक्षक पहली बार भाग नहीं ले पाए थे, उन्हें 28 जून तक लघु वीडियो और लिखित निबंध के माध्यम से ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (EOI) प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
इन प्रस्तुतियों के गहन मूल्यांकन के बाद राउंड-2 के लिए शिक्षकों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अब इन शिक्षकों का ऑनलाइन योग्यता मूल्यांकन किया जाएगा, जिसकी सूची अनुलग्नक-ए में जारी की गई है।






