Haryana Weather: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज 8 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में भी प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना है। विभाग ने 14 अगस्त तक कई जिलों में हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी है।
आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इस सीजन सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर और महेंद्रगढ़ में हुई है, जबकि सबसे कम कैथल में रिकॉर्ड की गई है।






