Haryana News: हरियाणा में पलवल जिले के अलावलपुर गांव में हुए मोहित उर्फ मोनी हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस की क्राइम इंवेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाश आकाश उर्फ अक्कू और अजय उर्फ अज्जू की गिरफ्तारी पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की पुष्टि करते हुए CIA प्रभारी दीपक गुलिया ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियारों के साथ अलावलपुर इलाके में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अलावलपुर चौक पर नाकाबंदी की। देर रात दोनों आरोपी बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर आते दिखाई दिए।
जैसे ही उन्होंने पुलिस को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और आगरा नहर की पटरी की ओर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया।
बता दें कि 11 जून को मोहित उर्फ मोनी की गांव के बस अड्डे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा वेदपाल के अनुसार, मोहित कुछ लोगों से चल रही पुरानी रंजिश के चलते खतरे में था और उसे पहले ही जान से मारने की धमकियाँ मिल चुकी थीं।
इस केस में आकाश उर्फ अक्कू, अजय उर्फ अज्जू, रण सिंह, करण, चरण सिंह, जतिन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। रण सिंह और कमलजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।






