Haryana News: हरियाणा सरकार ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के सार्वजनिक परिवहन वाहनों में वाहन स्थान ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) लगाए जाएंगे। इस हाईटेक सिस्टम को आपातकालीन सेवा 112 से जोड़ा जाएगा ताकि किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में इस योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
क्या है VLTD प्रणाली?
यह प्रणाली निर्भया फ्रेमवर्क के अंतर्गत सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा विकसित की गई है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है। VLTD के जरिए वाहन का रियल टाइम लोकेशन ट्रैक किया जा सकता है और आपात स्थिति में SOS अलर्ट भी भेजा जा सकता है।
सड़क दुर्घटनाओं पर सरकार सख्त
मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इनकी वैज्ञानिक जांच कराई जानी चाहिए। हर दुर्घटना के पीछे के कारणों जैसे ओवरस्पीडिंग, खराब सड़कें, बेसहारा पशु आदि की गहराई से जांच की जाए और संरचनात्मक खामियों को दूर किया जाए।
स्कूल बसों की होगी सख्त निगरानी
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूल बसों की फिटनेस की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल संचालकों की एक विशेष बैठक आयोजित कर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे और तय समयावधि के बाद अनुपालन न करने पर चालान या जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।






