Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसको देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गर्मी का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी
गुरुवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान तेज सतही हवाएं चलेंगी, धूल भरी आंधी आ सकती है और लू जैसी परिस्थितियां बनेंगी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
पंजाब और हरियाणा में भी लू का प्रकोप
हरियाणा के सिरसा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है, जो राज्य का सबसे गर्म स्थान बन गया है। भिवानी, रोहतक, फतेहाबाद और हिसार में भी भीषण गर्मी का असर दिख रहा है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी दिशा से गर्म और शुष्क हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है।
राजस्थान में बदलाव के संकेत
राजस्थान में फिलहाल गर्मी चरम पर है, लेकिन राहत के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। मौसम विभाग ने 14 जून को राज्य के चार जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीकानेर, चुरू, सीकर, बाड़मेर और जोधपुर में लू की स्थिति बनी रहेगी। राज्य के 40 से अधिक शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है।
कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना
जहां उत्तर भारत झुलस रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य कर्नाटक में तेज हवाओं (50-70 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में भी मध्यम से भारी बारिश संभव है। वहीं, पूर्वी और उत्तरी तमिलनाडु, खासकर चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।






