Haryana Weather Alert: हरियाणा में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 2 दिन हुई बारिश का असर प्रदेश के सभी जिलों पर दिखाई दे रहा है। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। 42 डिग्री के पार पहुंच चुका हरियाणा का अधिकतम तापमान अब करीब 6 डिग्री की गिरावट के साथ 36. 4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
मौसम साफ होने से किसानों को राहत मिलने वाली है। बारिश में भीगी गेहूं की कटाई और कढ़ाई का काम 3 दिन से रुका हुआ है।
शनिवार को प्रदेश के तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे पहुंच गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शनिवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा, जहां का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
तापमान में गिरावट की संभावना
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में बदलाव संभावना है। पिछले दिनों में हुई बारिश के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
24 घंटे में बदला तापमान
प्रदेश के जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा सिरसा में 5.2 डिग्री का इजाफा हुआ है। जिसके बाद सिरसा का तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
वहीं सबसे ज्यादा गिरावट बालसमंद (हिसार) में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज की। जिसके बाद हिसार के बालसमंद का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।






