Haryana: हरियाणा के रोहतक में विजुअल आर्ट यूनिवर्सिटी में अफीम की खेती का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस यूनिवर्सिटी पहुंची। इस दौरान पुलिस ने देखा कि वहां अफीम के 1-2 पौधे नहीं, बल्कि सैकड़ों पौधे उगाए गए हैं।
इतना ही नहीं अफीम के पौधे पर डोडे के छिलके में कट भी लगाया गया है। यानी कि अफीम को इस्तेमाल करने की कोशिश भी की गई है। यूनिवर्सिटी में अफीम उगाने की शिकायत एक छात्र ने हरियाणा के मुख्यमंत्री और गवर्नर से की थी।
यूनिवर्सिटी प्रशासन में मचा हड़कंप
रोहतक के विजुअल एंड आर्ट यूनिवर्सिटी में अफीम के पौधे पाए जाने से यूनिवर्सिटी प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यूनिवर्सिटी की नर्सरी में एक दो नहीं बल्कि 100 से अधिक ऐसे पौधे लगाए गए हैं।
यही नहीं लगभग चार महीने में आने वाले डोडे में कट लगाकर इसे इस्तेमाल करने की कोशिश भी की गई है। इसकी शिकायत यूनिवर्सिटी के किसी छात्र ने हरियाणा के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से की थी।
वहीं, इसकी सूचना पाकर अर्बन स्टेट थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बारे में अर्बन स्टेट थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली और इसके बाद वो जांच करने के लिए पहुंचे।
यूनिवर्सिटी में मिले 140 के करीब अफीम के पौधे
प्रदीप कुमार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि इसे लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से एक कमेटी का भी गठन किया गया है। बताया गया है कि यूनिवर्सिटी में अलग-अलग जगह पर 140 के करीब अफीम के पौधे पाए गए हैं।






