Gujarat News: गुजरात से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां राजकोट जिले में 80 साल के पिता ने अपने 52 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि शुरुआत में पुलिस इस जमीन के विवाद से जोड़कर देख रही थी, लेकिन बाद में पता चला कि पिता दूसरी शादी करना चाहता था, लेकिन बेटे ने उसका विरोध किया। इसलिए बुजुर्ग ने अपने बेटे को गोली मार दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पिता को अरेस्ट कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जसदण कस्बे की है। यहां रविवार को एक पिता ने अपने बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक प्रभात बोरीचा की पत्नी जयाबेन ने पुलिस ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि उनकी सास का निधन 20 साल पहले हो गया था। इसके बाद से ही उनके ससुर रामभाई बोरीचा दूसरी शादी करना चाहते थे, जिसका परिवार ने विरोध किया था। इस मुद्दे पर कई बार घर में झगड़े हुए थे और रामभाई ने प्रभात को धमकी दी थी कि अगर उसे दूसरी शादी नहीं करनी दी तो वह उसे और उसके परिवार को मार डालेगा।
जयाबेन ने ये भी बताया कि रविवार सुबह वह अपने पति प्रभात के साथ ससुर को चाय देने गई थी। लौटते वक्त उन्हें एक के बाद एक दो गोलियों की आवाजें सुनाई दी। वह दौड़कर ससुर के कमरे में पहुंचीं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। आरोप है कि खटखटाने पर बुजुर्ग रामभाई बंदूक लेकर बाहर आए और उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। डरकर वह अपने घर भाग गई और बाद में उनका बेटा जयदीप घर आया, जिसे उन्होंने इस घटना की जानकारी दी।
खबरों की मानें, तो महिला के बेटे जयदीप ने अपने पिता को आंगन में लहूलुहान हालत में पड़ा देखा, जबकि रामभाई पास ही बैठे थे. प्रभात को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिहलाल, पुलिस ने जयाबेन की शिकायत के आधार पर बुजुर्ग रामभाई को पकड़ लिया है।
क्या बोली पुलिस
डिप्टी SP झाला ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बुजुर्ग दूसरी शादी करना चाहता था और जिसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।






