Haryana CM Nayab Saini: हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि से जिन किसानों की फसलें खराब हुई है। प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार उन्हें राहत देने की तैयारी में है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सभी जिला उपायुक्तों को हाल ही में हुई बेमौसमी बरसात और ओलावृष्टि की वजह से किसान की फसलों को हुए नुकसान को चिन्हित करके तुरंत रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं। ताकि फसलों में हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 27 और 28 फरवरी को प्रदेश के कई भागों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई है। इस संबंध में सभी जिला उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि रविवार तक सारी जानकारी मुख्यालय को भेजें ताकि क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलकर किसान के नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में दीनबंधु छोटू राम थर्मल पावर प्लांट यमुनानगर में लगभग 7272 करोड रुपए की लागत से अतिरिक्त 800 मेगावाट की कोयला आधारित सुपर क्रिटिकल यूनिट स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस यूनिट के लिए एनवायरमेंट क्लीयरेंस मिल गई है तथा भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड को यह यूनिट स्थापित करने का जिम्मा दिया गया है। 1 अप्रैल से इस पर कार्य आरंभ हो जाएगा और लगभग ढाई वर्ष में इस यूनिट स्थापित करने का काम पूरा कर लिया जाएगा।






