राजस्थान के डूंगरपुर से शादी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां बीते साल मार्च में नवीन नाम के एक युवक की शादी मध्य प्रदेश की खूबसूरत लड़की से हुई थी। सुंदर दुल्हन पाकर युवक काफी खुश था। हालांकि, शादी के कुछ महीने बाद ही लड़की अपने मायके चली गई। बताया जा रहा है कि युवक ने खुशी-खुशी अपनी पत्नी को मायके भेजा। लेकिन, जब युवक अपनी नई नवेली दुल्हन से 5 महीने तक दूर रहा तो उसे अपनी पत्नी की याद सताने लगी और उसे फोन करके पूछा कि आप कब आओगे? तो पत्नी ने नंबर ही ब्लैक लिस्ट में डाल दिया।
दरअसल, यह पूरा मामला डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र का है। यहां शादी करवाने की बदले में मोनिका नाम की एक दलाल महिला ने 4 लाख रुपए ऐंठ लिए और शादी के 5 महीने बाद लूटेरी दुल्हन 15 तौला सोने, चांदी के जेवर ओर 47 हजार रुपए कैश लेकर फरार हो गई है। पूरी घटना को लेकर पीड़ित युवक ने अब SP से न्याय की गुहार लगाई है। युवक का कहना है पुलिस उसे सहयोग नहीं कर रही है। ऐसे में उसे समझ नहीं आ रहा है कि वो कहां जाएं और क्या करें।
नवीन का कहना है कि मोनिका ने 4 लाख रुपए लेकर उसकी शादी 6 मार्च 2024 को कराई थी और वह बारात लेकर एमपी के महू में राखी से शादी कराई। उसने बताया कि शादी के बाद 4 से 5 महीने तक राखी उसके घर पर पत्नी की तरह रही। इसके बाद वह त्यौहार होने की बात कहकर घर से निकल गई। इस दौरान वह करीब 15 तोले से ज्यादा सोने चांदी के जेवरात और 47 हजार रुपए कैश लेकर गई। लेकिन, इसके बाद वह वापस नहीे आई। कई बार उससे फोन पर बात की लेकिन वो फिर भी नहीं आई। उसने नवीन का फोन नंबर भी ब्लैक लिस्ट में डाल दिया।
नवीन ने बताया कि राखी पहले से शादीशुदा थी। इसके बावजूद उसने दूसरी शादी की और अपनी पहली शादी की बात भी छिपाई।फिलहाल, पीड़ित नवीन कलाल ने एसपी से मामले की शिकायत की है।






