Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर जिले के तारनवाला गांव की सरपंच मोनिका देवी पर गांव के ही पांच लोगों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सरपंच ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया को लिखित शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
पंचायत भूमि कब्जे को लेकर था विवाद
शिकायत में सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों को उन्होंने नोटिस जारी किए थे, जिससे नाराज होकर शनिवार शाम गांव के मंदिर के पास उन पर हमला कर दिया गया।
गाली-गलौज और मारपीट का आरोप
मोनिका देवी का कहना है कि जब वह मंदिर में पूजा के लिए जा रही थीं, तभी पांच ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बाल पकड़कर उन्हें सड़क पर घसीटा गया।
परिवार की सुरक्षा की मांग
सरपंच ने बताया कि आरोपितों द्वारा पंचायत की जमीन पर पहले से कब्जा किया गया है, और उन्होंने अपने अधिकारों का पालन करते हुए ही उन्हें नोटिस दिए थे। इस हमले के पीछे पूर्व की रंजिश को ही कारण बताया जा रहा है। सरपंच ने खुद और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।








