Kal Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद दोपहर के समय तेज धूप निकलने से वातावरण में उमस बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 6-7 दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। दिन में कभी धूप तो कभी बादल, और समय-समय पर हल्की बारिश की संभावना है।
पूरे उत्तर भारत में सक्रिय है मॉनसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान समेत पूरे उत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। लोगों को सतर्क रहने और गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 16 जुलाई को कोटा, उदयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। खेतों में जलभराव और शहरों में ट्रैफिक बाधा जैसी समस्याएं सामने आने की आशंका है।
केरल के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
केरल के पांच जिलों एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, कन्नूर और कासरगोड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां बुधवार को लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। राज्य के बाकी 9 जिलों में येलो अलर्ट भी जारी है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
हिमाचल में 200 सड़कें बंद, येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य में अब तक 199 सड़कें बंद हो चुकी हैं। 105 लोगों की मौत मानसून सीजन में हो चुकी है।








