Haryana Weather: हरियाणा में मौसम इन दिनों दो रंग दिखा रहा है – एक तरफ भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, वहीं दूसरी ओर कुछ जिलों में बारिश की संभावनाएं राहत की उम्मीद जगा रही हैं। दो दिन पहले हुई बारिश ने जरूर लोगों को कुछ राहत दी थी, लेकिन तापमान में फिर से बढ़ोतरी और लू की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ केंद्र ने शुक्रवार को हरियाणा के 6 जिलों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट और 4 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लू के इस दौर में नागरिकों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने, सिर ढकने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में होगी बारिश
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 से 26 मई तक हरियाणा के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि यह बारिश हल्की होगी (25% तक), फिर भी इससे तापमान में गिरावट और गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
आज 23 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल में बारिश की संभावना है। 24 मई को अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, 25 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, जींद, 26 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, जींद, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी में बारिश के आसार है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रोहतक में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली, जहां तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। यह प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सबसे कम अधिकतम तापमान रहा।






