Talent Hunt: हरियाणा सरकार के संस्कृति विभाग के अंतर्गत कार्यरत हरियाणा कला परिषद द्वारा 1 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, संगवारी (रेवाड़ी) में रंगमंच एवं आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में विद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या डा. ज्योत्सना यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इन कार्यशालाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि जागृत करना है।
डा. ज्योत्सना यादव ने बताया कि हरियाणा कला परिषद प्रदेश के विद्यार्थियों को कला एवं संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। परिषद द्वारा आयोजित इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करती हैं। रंगमंच कार्यशाला के प्रशिक्षक के रूप में रंगकर्मी, निर्देशक एवं नाट्य प्रशिक्षक डा. ऋषिपाल विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे।
डा. ऋषिपाल लंबे समय से रंगमंच के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा प्रदेश और देश के विभिन्न मंचों पर अनेक सफल नाट्य प्रस्तुतियों एवं कार्यशालाओं का संचालन कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन, अभिव्यक्ति, शारीरिक मुद्राओं तथा नाट्य कला की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। उनके सहयोगी के रूप में अभिषेक कुमार भी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशाला का संचालन प्रशिक्षक पूजा वालिया द्वारा किया जाएगा। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को विभिन्न कलात्मक एवं हस्तशिल्प गतिविधियों के माध्यम से अपनी सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय परिवार ने हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी का विशेष आभार व्यक्त किया है, जिनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से प्रदेशभर के विद्यालयों में कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।








