Haryana News: हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम का औचक निरीक्षण कर खेल व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत में सामने आया कि उन्हें सरकार द्वारा तय खुराक और खेल सामग्री समय पर नहीं मिल रही है। इस लापरवाही पर 15 खेल अधिकारियों, जिनमें कोच और अन्य जिम्मेदार अधिकारी शामिल हैं, को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गौरव गौतम ने स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। खिलाड़ियों ने बताया कि खेल नीति तो बेहतर है, लेकिन अधिकारी उसका पालन नहीं कर रहे। तय खुराक नहीं दी जा रही, और खेल उपकरणों की भी कमी है। प्रशिक्षण समय पर नहीं हो रहा, जिससे उनका अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
खेल मंत्री ने खिलाड़ियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई। कहा कि अगर 15 दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








