Haryana News: हरियाणा के बल्लभगढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सात बदमाशों ने मिलकर एक युवक को जंगल में ले जाकर बुरी तरह पीटा और उसकी जान ले ली। इस बर्बर हमले का वीडियो आरोपियों ने खुद बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है।
शादी में हुई कहासुनी बनी हत्या की वजह

मृतक की पहचान आकाश, निवासी पटेल नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में आकाश का आरोपियों से मामूली विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने 12 जुलाई को आकाश को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और बल्लभगढ़ के पास जंगल में ले जाकर उस पर लाठी-डंडों से बर्बर हमला कर दिया।
इलाज के दौरान युवक की मौत
घायल हालत में आकाश को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फरीदाबाद सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर अस्पताल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बल्लभगढ़ एसीपी महेश श्योराण ने बताया कि आरोपियों ने इस पूरी वारदात का वीडियो खुद ही रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। उनका मकसद सिर्फ मारपीट नहीं, बल्कि समाज में डर और दहशत का माहौल बनाना था।
फरीदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दो मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) सहित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






