Haryana News: हरियाणा के झज्जर जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक निजी स्कूल की वैन पलट गई और तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक छात्र का बड़ा भाई भी उसी वैन में सवार था, जिसे मामूली चोटें आई हैं। हादसे की वजह वैन का टायर फटना और वाहन का नियंत्रण बिगड़ना बताई जा रही है।
हादसा झज्जर के बिरधाना गांव में उस समय हुआ, जब स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। गुढ़ा गांव के पास वैन का एक टायर अचानक फट गया, जिससे चालक का नियंत्रण वैन पर से हट गया और वैन सड़क किनारे पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। वैन में कुल 11 बच्चे सवार थे। हादसे में हितांश (9 वर्ष) नामक छात्र को गंभीर चोटें आईं, जिसे तुरंत झज्जर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हितांश के साथ उसका बड़ा भाई भी वैन में था, जो सौभाग्य से गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आईं और सभी को इलाज के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल वैन का संचालन स्कूल प्रशासन द्वारा नहीं, बल्कि एक निजी ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहनों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों की अनदेखी इस तरह की घटनाओं का कारण बन रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।








